शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि खेलों के जरिये युवा पीढ़ी में राष्ट्रीय चरित्र का निर्माण किया जा सकता है। आज समय की आवश्यकता है कि छात्र और युवा अधिक से अधिक खेलों से जुड़ें। क्रीड़ा भारती के साथ मिलकर खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को इससे जोड़ने की दिशा में निरंतर प्रयास किया जाएगा।

श्री तिवारी गुरुवार को विधान परिषद सभागार में क्रीड़ा भारती, पटना महानगर द्वारा आयोजित ‘क्रीड़ा भारती खेल संवाद’ को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। खेल युवाओं को चुनौतियों का सामना करने और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय खेलों को जीवंत करने और उन्हें जन-जन तक पहुंचाने की जरूरत है। खेलों से जुड़कर युवा शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बनेंगे। उनमें सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित होगी। इससे बिहार की युवा शक्ति को नई दिशा मिलेगी और राज्य प्रगति के पथ पर आगे बढ़ेगा।

उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना जरूरी है। खिलाड़ियों को खेल सामग्री, चिकित्सा सुविधा, छात्रवृत्ति, मार्गदर्शन और करियर से जुड़ी जानकारी मिलनी चाहिए। इसके साथ ही खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सामाजिक सहभागिता और स्पॉन्सरशिप को भी बढ़ावा देना होगा।
‘क्रीड़ा भारती खेल संवाद’ का उद्देश्य खेलों से जुड़े लोगों और समाज के विभिन्न सक्षम वर्गों के बीच संवाद स्थापित करना है। कार्यक्रम में खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण, खेल सामग्री, चिकित्सा सुविधा, छात्रवृत्ति, मेंटरशिप, करियर गाइडेंस और स्पॉन्सरशिप की संभावनाओं पर चर्चा हुई। खेल आधारभूत संरचना के विकास में सामाजिक भागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती के संदेश ‘क्रीड़ा से निर्माण चरित्र का, चरित्र से निर्माण राष्ट्र का’ को प्रमुखता से रेखांकित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि खेल व्यक्ति के चरित्र निर्माण के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इस अवसर पर खेल मंत्री श्रेयसी सिंह, विधान पार्षद जीवन कुमार, पूर्व विधायक राजेश्वर राय, क्रीड़ा भारती के संगठन मंत्री उमेश कुमार सहित बड़ी संख्या में क्रीड़ा भारती के पदाधिकारी, खिलाड़ी और युवा उपस्थित रहे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed