पटना, 13 अक्टूबर 2026
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने आज सेवा संकल्प अभियान के तहत सम्राट अशोक कन्वेंशन केंद्र परिसर स्थित ज्ञान भवन में आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के सेवाकाल के उपलक्ष्य में सेवा संकल्प अभियान के तहत इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। उन्होंने आयोजक मंडल को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रंगोली के माध्यम से प्रधानमंत्री जी के कार्यकाल में हुए विकास कार्यों का सुंदर चित्रण किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में तथा पिछले 12 वर्षों से देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा करते हुए विकास और जनकल्याण को नई गति दी है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का समर्थन सेवा, समर्पण और कार्यों के आधार पर मिलता है। जो लोग सत्ता में आने के बाद जनता की सेवा के बजाय अपने हितों को प्राथमिकता देते हैं, उन्हें जनता का समर्थन नहीं मिलता। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को लगातार मिल रहा जनसमर्थन उनके कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जनता के विश्वास का प्रमाण है। जनता की सेवा का अवसर मिलने पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने अपने विचारों और संकल्पों के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता बनाए रखी है। उन्होंने अनुच्छेद 370 को हटाने तथा अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण का उल्लेख करते हुए कहा कि पार्टी ने अपने संकल्पों को पूरा करने के लिए लंबा संघर्ष किया। उन्होंने बिहार में भव्य मां सीता मंदिर के निर्माण की पहल के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी तथा तत्कालीन मुख्यमंत्री आदरणीय श्री नीतीश कुमार जी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व० अटल बिहारी वाजपेयी जी के कार्यकाल में बिहार में कई महत्वपूर्ण रेल एवं सड़क पुल परियोजनाओं की शुरुआत हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में इन परियोजनाओं को आगे बढ़ाने तथा राज्य में आधारभूत संरचनाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि बिहार में हवाई संपर्क को मजबूत करने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दरभंगा एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का कार्य अगले दो से तीन महीनों में पूरा करने का लक्ष्य है। पूर्णिया एयरपोर्ट के टर्मिनल भवन के निर्माण की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जा रही है। इसके अतिरिक्त राज्य के अन्य स्थानों पर हवाई संपर्क सुविधाओं के विकास की दिशा में प्रयास जारी हैं। केंद्र सरकार के सहयोग से बिहार में सड़क, रेल, हवाई संपर्क और अन्य विकास परियोजनाओं को गति मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के समग्र विकास और राज्य के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए केंद्र सरकार लगातार सहयोग कर रही है। राज्य में गरीबों को पक्का मकान, राशन, शौचालय, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में व्यापक कार्य हुए हैं। इस वित्तीय वर्ष में बिहार में 12 लाख पक्के मकानों के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है, जिससे जरूरतमंद परिवारों को लाभ मिलेगा। उन्होंने बिजली के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बिहार में लगभग 2 करोड़ 32 लाख बिजली उपभोक्ता हैं, जिनमें करीब 1 करोड़ 93 लाख घरेलू उपभोक्ता हैं। घरेलू उपभोक्ताओं को पिछले डेढ़ वर्ष से लगातार 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। सौर ऊर्जा के विस्तार के माध्यम से लोगों को बिजली बिल से राहत देने की दिशा में काम किया जा रहा है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत केंद्र और राज्य सरकार द्वारा दी जा रही सब्सिडी से घरेलू उपभोक्ताओं को अपने घरों में सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में भी ऊर्जा की लागत कम करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कृषि फीडरों के लिए सरकार सब्सिडी उपलब्ध करा रही है तथा प्रधानमंत्री कुसुम योजना के माध्यम से सौर ऊर्जा आधारित बिजली की व्यवस्था को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे किसानों को कृषि कार्यों के लिए ऊर्जा उपलब्ध कराने और सरकारी संसाधनों की बचत करने में मदद मिलेगी। सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक परिवारों तक स्वच्छ एवं सस्ती ऊर्जा की सुविधा पहुंचाना है।

मुख्यमंत्री ने हाल में आई बाढ़ का उल्लेख करते हुए कहा कि गंगा, गंडक और सोन नदियों में जलस्तर बढ़ने से राज्य के कई इलाके प्रभावित हुए। सरकार ने समय रहते लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाए। बाढ़ प्रभावित परिवारों को अनुग्रह अनुदान के माध्यम से सहायता दी गई है तथा फसल क्षति से प्रभावित किसानों को कृषि इनपुट सब्सिडी के माध्यम से मदद उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है। 14 अक्टूबर को फसल क्षति के लिए किसानों को कृषि इनपुट सब्सिडी के माध्यम से सहायता दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान का मूल उद्देश्य गरीबों के जीवन में बदलाव लाना, समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभपहुंचाना और सभी नागरिकों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। जनता की सेवा के माध्यम से ही विश्वास अर्जित किया जा सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और बिहार विकास के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं। उनके 25 वर्षों के सेवा काल के उपलक्ष्य में पूरे प्रदेश में आयोजित कार्यक्रम सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत कर रहे हैं।

कार्यक्रम में बिहार राज्य संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा एवं भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान ने मुख्यमंत्री को पौधा, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, विधायक संजीव चौरसिया, विधायक संजय कुमार, बिहार राज्य संस्कृत शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष मृत्युंजय झा, बिहार राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण मेहता, पटना नगर निगम की महापौर सीता साहू, भाजपा की प्रदेश उपाध्यक्ष अनामिका पासवान सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।
![]()
