पटना, 13 अक्टूबर 2026

मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने आज मुख्य सचिवालय स्थित ‘संवाद’ सभागार में “संकल्प” डैशबोर्ड एवं “समन्वय” पोर्टल का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सचिवालय के सचिव श्री संजय कुमार सिंह ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से “संकल्प” डैशबोर्ड एवं “समन्वय” पोर्टल की उपयोगिता, उसकी कार्यपद्धति के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा एवं निर्देश से “संकल्प” डैशबोर्ड एवं “समन्वय” पोर्टल का निर्माण किया गया है। सभी 48 विभागों के मुख्य कार्य, महत्वपूर्ण परियोजनायें एक डिजिटल प्लेफॉर्म पर एक साथ उपलब्ध होगी। “संकल्प” डैशबोर्ड में 6 प्रमुख मॉड्यूल- मुख्यमंत्री-स्तरीय अनुश्रवण, परियोजना एवं निवेश, विभागीय प्रस्तुतीकरण, निष्पादन एवं रैंकिंग, समन्वय एवं एस्केलेशन तथा क्षेत्र एवं जन-संपर्क हैं। इसमें 20 से अधिक सब मॉड्यूल बनाये गये हैं। इनमें सरकारी योजनाओं, परियोजनाओं एवं विभागों के काम-काज से जुड़ी जानकारी उपलब्ध होगी। समीक्षा बैठकों में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा दिये गये निर्देशों, घोषणाओं, मंत्रिपरिषद् के निर्णयों और महत्वपूर्ण पत्रों के आलोक में की गयी कार्रवाई की निगरानी होगी। विभिन्न विभागों की महत्वपूर्ण प्रस्तुतियां और ब्रीफिंग से जुड़ी जानकारियां एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।

इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि आज “संकल्प” डैशबोर्ड एवं “समन्वय” पोर्टल का शुभारंभ किया गया है। समन्वय पोर्टल के माध्यम से बिहार एवं भारत सरकार के बीच को-ऑर्डिनेशन, दोनों की योजनाओं की निगरानी, पारदर्शिता एवं समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जायेगा। दिल्ली में रेजिडेंट कमिश्नर इसमें समन्वय करेंगे। भारत सरकार की जो भी योजनायें संचालित की जा रही हैं, उसका पूरी तरह क्रियान्वयन बेहतर ढंग से हो सकेगा, साथ ही राशि का ससमय सदुपयोग सुनिश्चित हो सकेगा। उन्होंने कहा कि केन्द्र सरकार से मिलनेवाली राशि, राष्ट्रीय रैंकिंग और समन्वय से जुड़े महत्वपूर्ण मामलों की बेहतर ढंग से निगरानी हो सकेगी। “संकल्प” पोर्टल के माध्यम से सभी विभागों से संबंधित महत्पवूर्ण विषयों का एकीकृत, समयबद्ध एवं परिणामोन्मुख अनुश्रवण हो सकेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंचायतीराज विभाग एवं नगर विकास एवं आवास विभाग लक्ष्य के अनुरूप सी०सी०टी०वी० कैमरे लगाये और उसका एकीकृत मॉनीटरिंग हो। अभी पटना शहर में 2500 सी०सी०टी०वी० कैमरे लगाये गये हैं, उसकी भी एकीकृत निगरानी इस पोर्टल के माध्यम से की जायेगी। पटना में सी०सी०टी०वी० कैमरे और बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सभी विभाग कार्यों का निष्पादन ससमय अच्छे ढंग से करें। जनता की समस्याओं का समाधान करना है। जो भी योजनायें सरकार के द्वारा तैयार की जाती हैं उसका क्रियान्वयन बेहतर ढंग से करना है। “संकल्प” डैशबोर्ड एवं “समन्वय” पोर्टल के माध्यम से कार्यों में गति आयेगी तथा लोगों की समस्याओं का समाधान त्वरित होगा। व्यवस्था और पारदर्शी होगी, शासन-प्रशासन अच्छा होगा तो बिहार और तेज गति से आगे बढ़ेगा।

कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री बिजेन्द्र प्रसाद यादव, राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ० दिलीप कुमार जायसवाल, नगर विकास एवं आवास सह सूचना प्रावैधिकी मंत्री नीतीश मिश्रा, लघु जल संसाधन मंत्री संतोष कुमार सुमन, ग्रामीण कार्य मंत्री सुनील कुमार, पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, समाज कल्याण मंत्री डॉ० श्वेता गुप्ता, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण मंत्री संजय कुमार सिंह, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक प्रीता वर्मा सहित सभी विभागों के अपर मुख्य सचिव/ प्रधान सचिव / सचिव, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed