पटना,23 नवंबर 2026

श्रवण बाधित बच्चों को बेहतर शिक्षा देने और शिक्षकों को सांकेतिक भाषा में दक्ष बनाने के लिए एससीईआरटी में सोमवार से पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। इस कदम से श्रवण बाधित बच्चों के लिए संवाद की बाधाएं कम होंगी। साथ ही शिक्षकों की क्षमता भी बढ़ेगी। संस्थान के समावेशी शिक्षा विभाग की पहल पर यूनिसेफ के सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का समापन 27 नवम्बर को होगा।

प्रशिक्षण में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय से जुड़े उन विद्यालयों के शिक्षकों को शामिल किया गया है, जहां श्रवण बाधित बच्चे पढ़ रहे हैं। इस दौरान शिक्षकों को भारतीय सांकेतिक भाषा का व्यावहारिक ज्ञान दिया जा रहा है।

रोज सुबह 9:30 बजे से शाम 5 बजे तक चलने वाला यह आवासीय प्रशिक्षण शिक्षकों को बच्चों के साथ प्रभावी संवाद स्थापित करने में मदद करेगा। इससे वे बच्चों की बातों और शैक्षणिक जरूरतों को बेहतर ढंग से समझ सकेंगे।

कार्यक्रम का आयोजन एससीईआरटी के निदेशक, संयुक्त निदेशक और समावेशी शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष के मार्गदर्शन में हो रहा है। उद्घाटन सत्र में एससीईआरटी के संयुक्त निदेशक राजदेव राम, उप निदेशक राजकुमार, विभागाध्यक्ष विजय कुमार भास्कर, व्याख्याता कुमारी अमृता और यूनिसेफ पटना के शिक्षा अधिकारी बसंत सिन्हा उपस्थित रहे। इसके अलावा केंद्रीय विश्वविद्यालय राजस्थान की सहायक आचार्या डॉ. सरिता शर्मा, आईएसएलआरटीसी नई दिल्ली के सहायक प्रोफेसर राकेश कुमार गंगवाल, सीआरसी पटना के सांकेतिक भाषा प्रशिक्षक रोहित चंद और कई दुभाषिये भी प्रशिक्षण में शामिल हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed