पटना,24 नवंबर 2026
मंगलवार को जनता दल (यू) प्रदेश कार्यालय स्थित कर्पूरी सभागार में ‘‘सुशासन दिवस – नीतीश संवाद’’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और उन्होंने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। साथ ही, उन्होंने कार्यालय परिसर में बने सैंड आर्ट का भी मुआयना किया। प्रदेश कार्यालय आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने गुलाब की पंखुड़ि़यों की वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया।

इस दौरान पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा, स्वास्थ्य मंत्री निशांत, विधान परिषद में सत्तारूढ़़ दल के मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, विधान पार्षद संजय सिंह, विधायक अरुण मांझी, पूर्व सांसद अशफाक करीम, अनिल कुमार, प्रो. नवीन आर्य चंद्रवंशी, डाॅ0 अमरदीप, वासुदेव कुशवाहा, अंजुम आरा, अरुण कुमार वर्मा, सुमित कुमार सिंह, मनीष कुमार, डाॅ0 एलबी सिंह, ई रामचरित्र प्रसाद, डाॅ0 अनुप्रिया, जनाब इरशादउल्लाह, नंदकिशोर कुशवाहा, संतोष कुशवाहा, अरुण कुमार सिंह, अरविन्द निषाद, खुशबू रानी, पूजा पैट्रिक, नीतीश पटेल, धीरज पटेल, हुलेश मांझी सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता पटना महानगर अध्यक्ष राधेश्याम कुशवाहा ने की तथा संचालन पटना ग्रामीण के जिलाध्यक्ष अशोक सिंह ने किया।
संजय कुमार झा ने कहा कि 24 नवंबर 2005 से बिहार में वास्तविक बदलाव की कहानी शुरू हुई। उस समय बिहार की स्थिति कैसी थी, यह किसी से छिपी नहीं है। मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री के रूप में नीतीश कुमार ने अपने काम से बिहार का मान-सम्मान बढ़़ाया और देश-दुनिया में बिहार को लेकर बनी नकारात्मक छवि को बदलने का काम किया। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने ईमानदारी के साथ समाजवाद की विचारधारा को धरातल पर उतारा। शिक्षा के क्षेत्र में बालिका साइकिल योजना, पोशाक योजना, छात्रवृत्ति और स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड जैसी पहल युगांतरकारी साबित हुई हैं। उनकी बालिका साइकिल योजना को अफ्रीकी देशों ने भी अपनाया। वहीं, बिहार संग्रहालय के माध्यम से उन्होंने बिहार के स्वर्णिम इतिहास को दुनिया के सामने रखा और आज यह संग्रहालय विश्व स्तर पर अपनी नई पहचान बना चुका है।

श्री झा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार के दौरान भागलपुर दंगा हुआ और उसके बाद 15 वर्षों तक राजद की सरकार रही, लेकिन पीड़ितों को न्याय नहीं मिला। नीतीश कुमार ने सत्ता संभालते ही जांच आयोग गठित कर दंगे की निष्पक्ष जांच कराई। पीड़ितों को न्याय दिलाया और आज उन्हें पेंशन भी मिल रही है। उन्होंने कहा कि जब नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद छोड़ा तो स्वाभाविक रूप से यह सवाल उठा कि पार्टी का नेतृत्व कौन करेगा। हम सभी के लिए यह सुखद है कि जिस लगन और समर्पण से नीतीश कुमार काम करते रहे हैं, वही झलक श्री निशांत में भी दिखाई देती है। वे पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। श्री निशांत के नेतृत्व में कम से कम अगले 30 वर्षों तक पार्टी का भविष्य उज्ज्वल है।

श्री निशांत ने कहा कि नीतीश कुमार ने 24 नवंबर को ही ‘न्याय के साथ विकास’ और ‘सुशासन’ को आधार बनाकर बिहार के नवनिर्माण की नींव रखी थी। उन्होंने राजनीति को पद का माध्यम नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का जरिया और जनसेवा का अवसर बनाया है। उनके नेतृत्व में सरकार का मूल उद्देश्य कमजोर वर्गों का उत्थान और समावेशी विकास रहा है। सत्ता संभालते ही उन्होंने सबसे पहले कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता दी, जिससे राज्य में भयमुक्त वातावरण बना और समाज के हर वर्ग के लिए विकास के द्वार खुले। सुशासन के साथ महिला सशक्तिकरण को केंद्र में रखते हुए नीतीश कुमार ने पंचायती राज एवं नगर निकायों में 50 फीसदी तथा सरकारी नौकरियों में 35 फीसदी आरक्षण दिया, जिससे आज बिहार में देश का सबसे बड़ा महिला पुलिस बल है। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के कार्यकाल में सडकों के क्षेत्र में ऐतिहासिक काम हुए, जिससे राज्य के आर्थिक विकास को नई गति मिली और वर्ष 2018 में ही बिहार शत-प्रतिशत विद्युतीकरण वाला राज्य घोषित हुआ। उनके ‘जल-जीवन-हरियाली’ अभियान की सराहना संयुक्त राष्ट्र जैसे वैश्विक मंच पर भी की गई है। साथ ही, नीतीश कुमार को ‘क्लाइमेट लीडर’ बताया गया। अंत में उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि उनके पास जनता को बताने के लिए नीतीश कुमार की अनगिनत उपलब्धियाँ हैं। इसलिए सभी कार्यकर्ता जनता के बीच जाएँ, उनके कार्यों से लोगों को अवगत कराएँ और आमजन के सुख-दुख में सहभागी बनें।

संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी ने कहा कि बिहार की राजनीतिक एवं सामाजिक यात्रा में 24 नवंबर 2005 का दिन एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। उस समय बिहार में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदतर थी तथा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी थी। ऐसे दौर में बिहार के विकास पुरुष नीतीश कुमार ने सत्ता की बागडोर संभालकर न्याय के साथ विकास और सुशासन की नई लकीर खींची।

श्री अशफाक करीम ने कहा कि नीतीश कुमार ने अल्पसंख्यक समाज को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं और उनके कल्याण एवं उत्थान के लिए कई योजनाओं को धरातल पर लागू किया है। इन प्रयासों का सकारात्मक परिणाम अल्पसंख्यक समाज के जीवन में आए बदलावों के रूप में स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।
श्री संजय सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के लिए अनेक महत्वपूर्ण कार्य किए हैं और समाज के सभी वर्गों के उत्थान को प्राथमिकता दी है। उनके दूरदर्शी नेतृत्व में बिहार में कई ऐसी संस्थाओं एवं परियोजनाओं की स्थापना हुई, जिन्होंने राज्य को नई पहचान दिलाई।

श्री अरुण मांझी ने कहा कि 24 नवंबर 2005 को जब नीतीश कुमार के हाथों में बिहार की बागडोर आई, तब राज्य की स्थिति बेहद दयनीय थी, लेकिन नीतीश कुमार ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शी सोच और कुशल नेतृत्व से बिहार की तकदीर और तस्वीर दोनों बदल दी।
![]()
