पटना 23 सितम्बर 2024
ज्योर्तिमठ, बद्रिकाश्रम के जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज 24 को अयोध्या से पटना आएंगे। यह जानकारी यह जानकारी देते हुए यात्रा के संयोजक ब्रह्मचारी मुकुंदानंद ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य गाय को राज्य सूची से हटाकर केंद्रीय सूची में शामिल कराना है। गौ प्रतिष्ठा आंदोलन के तहत गौ ध्वज स्थापना अभियान के लिए शंकराचार्य 22 को अयोध्या से भारत यात्रा पर निकले हैं। इस कड़ी में लखनऊ के बाद उनका प्रवास 24 सितंबर को पटना में हो रहा है। 26 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में वे देश के 37 राज्यों की राजधानियों तक जाएंगे और वहां गौ ध्वज की स्थापना करेंगे।

जगद्गुरु शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद महाराज पटना में सबसे पहले गौ पूजन के लिए गोपी कृष्ण गौ आश्रम, श्रीरामपुर, बिहटा-सरमेरा रोड फतुहा में सुबह 10 से साढ़े 10 बजे पहुंचने के बाद गौ पूजन कार्यक्रम करेंगे।

वहां से स्वामीजी हथुआ महाराज कोठी, गांधी मैदान पहुंचेंगे। यहां पर स्वामी जी का पाद पूजन किया जाएगा। पाद पूजन के बाद स्वामी जी दरोगा राय पथ स्थित दरोगा राय स्मृति भवन पहुंचेंगे। यहां पर स्वामीजी को विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों द्वारा सम्मानित किया जाएगा। तत्पश्चात स्वामीजी सैकड़ों की संख्या में उपस्थित गौ भक्तों को उद्बोधित करेंगे। इसके बाद स्वामीजी स्टेशन रोड स्थित महावीर मंदिर में गौ ध्वज स्थापना करेंगे।
