शेखपुरा/पटना,14 सितम्बर 2026

शेखपुरा जिले में जलजमाव एवं बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यक राहत एवं सहायता कार्य किए जा रहे हैं।

वर्तमान में जलस्तर के रुझान के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार गंगा एवं किऊल नदियों के जलस्तर में गिरावट का रुझान देखा जा रहा है। वहीं हरोहर नदी का जलस्तर लगभग 46 मीटर पर स्थिर है। इसके साथ ही टाल क्षेत्र में भी जलस्तर में कमी आने का रुझान देखा जा रहा है। आगामी दिनों में जलस्तर में और कमी आने की संभावना है।

हरोहर नदी के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन द्वारा निम्नलिखित राहत एवं सहायता कार्य किए जा रहे हैं—

  1. निःशुल्क नाव परिचालन: प्रभावित क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा हेतु 13 नावों का निःशुल्क परिचालन किया जा रहा है।
  2. पशु चारा का वितरण: पशुपालन कार्यालय, शेखपुरा द्वारा अब तक 236 क्विंटल पशु चारा वितरित किया जा चुका है।
  3. चिकित्सा सुविधा: प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा दल द्वारा अब तक लगभग 1,100 लोगों को आवश्यक दवाइयाँ उपलब्ध कराई गई हैं।
  4. पेयजल की व्यवस्था: लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) द्वारा लगभग 11 टैंकरों के माध्यम से पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। अब तक 57 ट्रिप किए जा चुके हैं।
  5. प्लास्टिक शीट का वितरण: आवश्यकता को देखते हुए अब तक 250 प्लास्टिक शीट वितरित की जा चुकी हैं। जिला प्रशासन के पास पर्याप्त मात्रा में प्लास्टिक शीट का स्टॉक उपलब्ध है।

जिला प्रशासन, शेखपुरा द्वारा नदी के जलस्तर एवं जलजमाव की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। इस क्रम में जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों से अपील की जाती है कि स्थिति सामान्य होने तक सावधानी बरतें एवं अनावश्यक रूप से जलजमाव वाले क्षेत्रों अथवा नदी के निकट न जाएँ। विशेष रूप से हरोहर नदी के आसपास रहने वाले लोग सतर्क रहें तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें। किसी भी आपात स्थिति अथवा सहायता के लिए जिला आपदा प्रबंधन शाखा, शेखपुरा से संपर्क किया जा सकता है।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.