पटना 25 जुलाई 2026
बी.डी. कॉलेज, पटना की एन.सी.सी. इकाई के तत्वावधान में बुधवार को “टीबी मुक्त भारत अभियान” के अंतर्गत क्षय रोग के प्रति व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम के तहत पेंटिंग-पोस्टर और स्लोगन लेखन प्रतियोगिता कराई गई, जिसमें एन.सी.सी. कैडेटों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कैडेटों ने अपने आकर्षक पोस्टरों और प्रभावशाली स्लोगनों के माध्यम से टीबी के कारण, लक्षण, बचाव और उपचार की जानकारी दी।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य यह संदेश देना था कि टीबी पूरी तरह इलाज योग्य बीमारी है। समय पर जांच, नियमित दवा और उचित पोषण से इसे ठीक किया जा सकता है। साथ ही कैडेटों ने समाज में टीबी को लेकर फैली भ्रांतियों और भेदभाव को दूर करने की अपील की।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिवाकर प्रसाद ने पोस्टरों का अवलोकन किया। उन्होंने कैडेटों के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि टीबी उन्मूलन में युवाओं की भागीदारी बेहद जरूरी है। ऐसे कार्यक्रम स्वास्थ्य चेतना बढ़ाने में अहम भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. अमित कुमार, डॉ. विशाल विजय, डॉ. बिनोद कुमार, डॉ. शत्रुघ्न शरण सिंह, डॉ. राजीव कुमार, ले. राहुल कुमार सिंह सहित अन्य शिक्षक और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
![]()
