पटना, 25 जुलाई 2026
नई सरकार के 100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में राज्य सरकार ने अल्प अवधि में विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के अनेक महत्वपूर्ण कार्यों को गति दी है, जिसका लाभ बिहार की जनता को मिल रहा है।

श्री तिवारी ने बिहार की जनता के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के विश्वास, सहयोग एवं समर्थन के कारण सरकार अपने संकल्पों को तेजी से धरातल पर उतारने में सफल हुई है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में भी सरकार जनआकांक्षाओं के अनुरूप कार्य करती रहेगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा भी इस अवधि में कई ऐतिहासिक एवं दूरगामी कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि बिहार राज्य शिक्षक स्थानांतरण नियमावली, 2026 लागू करते हुए टाइम शेड्यूल जारी किया गया है जिससे शिक्षकों के स्थानांतरण की प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित एवं न्यायसंगत होगी।
उन्होंने कहा कि राज्यभर में 551 मॉडल विद्यालय ‘सरस्वती विद्या निकेतन’ का उद्घाटन कर गुणवत्तापूर्ण एवं आधुनिक शिक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। इसके साथ ही सरकारी विद्यालयों में लाइव क्लासेस की शुरुआत कर विद्यार्थियों को डिजिटल एवं तकनीक-आधारित शिक्षण से जोड़ने की पहल की गई है, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो सकेगी।
श्री तिवारी ने यह भी बताया कि शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया को और गति देने के उद्देश्य से टीआरई-4 की अधियाचना इसी माह बिहार लोक सेवा आयोग को भेजी जाएगी। इससे बड़ी संख्या में योग्य शिक्षकों की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त होगा तथा विद्यालयों में शिक्षकों की उपलब्धता और सुदृढ़ होगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में शिक्षा विभाग नई ऊर्जा, नई सोच और स्पष्ट कार्ययोजना के साथ आगे बढ़ रहा है। सरकार का लक्ष्य केवल विद्यालयों की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रत्येक बच्चे तक गुणवत्तापूर्ण, आधुनिक एवं रोजगारोन्मुखी शिक्षा पहुँचाना है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार शिक्षा, कौशल, नवाचार और समग्र विकास के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित करेगा तथा विकसित बिहार के निर्माण का संकल्प और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगा।
![]()
