नई दिल्ली,23 नवंबर 2026

खगोलविदों ने एक दुर्लभ प्राचीन तारे एचई 1153−0518 की खोज की है, जिसकी रासायनिक संरचना में ब्रह्मांड के शुरुआती तारों की कुछ पीढ़ियों के रासायनिक संकेत संरक्षित हैं।

ब्रह्मांड में तारों की शुरुआती पीढ़ियों का निर्माण बिग बैंग के कुछ सौ मिलियन वर्ष बाद ही हो गया था। हालांकि, ये विशाल तारे अब अस्तित्व में नहीं हैं, लेकिन अपने जीवन के अंतिम चरण में सुपरनोवा विस्फोटों के माध्यम से समाप्त होने से पहले इन्होंने नवगठित तत्वों से आदिम गैस को समृद्ध किया था।

इस समृद्ध गैस से बने प्राचीन और कम धात्विकता वाले तारों में ये रासायनिक संकेत संरक्षित हैं। इसलिए इन्हें ‘तारकीय जीवाश्म’ कहा जाता है। इनके अध्ययन से खगोलविदों को प्रारंभिक ब्रह्मांड के इतिहास को समझने और उसका पुनर्निर्माण करने में मदद मिलती है। इस प्रकार, ऐसे दुर्लभ तारकीय जीवाश्म की खोज उन नाभिकीय संश्लेषण प्रक्रियाओं के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करती है, जिनके माध्यम से आदिम ब्रह्मांड समृद्ध हुआ और हमारी आकाशगंगा का रासायनिक विकास हुआ।

हवाई स्थित सुबारू टेलीस्कोप से प्राप्त उच्च-रिजॉल्यूशन स्पेक्ट्रोस्कोपिक आंकड़ों के साथ हाल के खगोलीय स्थिति संबंधी और प्रकाशमितीय आंकड़ों का उपयोग करते हुए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (डीएसटी) के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्थान भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (आईआईए), बेंगलुरु और असम के दक्षिण कामरूप कॉलेज के वैज्ञानिकों की एक टीम ने इस तारे के वायुमंडलीय गुणों और रासायनिक तत्वों की प्रचुरता का अत्यधिक सटीकता से निर्धारण किया। वायुमंडलीय गुणों और रासायनिक तत्वों की प्रचुरता के ये मापन इस बात की व्यापक जांच करने में सहायक हैं कि विभिन्न तत्वों का निर्माण नाभिकीय अभिक्रियाओं के माध्यम से किस प्रकार हुआ और तारे की विकासात्मक स्थिति क्या है।

इस अध्ययन में HE 1153−0518 की पहचान कार्बन-समृद्ध कम धात्विकता वाले तारों (सीईएमपी) की एक ऐसी उपश्रेणी के रूप में की गई है, जिसके बारे में पहले जानकारी नहीं थी। इसे सीईएमपी -एनओ तारा कहा जाता है। सीईएमपी तारों में सीईएमपी -एनओ एक ऐसा उपसमूह है, जिसमें कार्बन की प्रचुरता अधिक होती है, जबकि भारी तत्वों की मात्रा कम होती है। ये तारे तारकीय जीवाश्मों की एक दुर्लभ श्रेणी के हैं, जो आकाशगंगा के विकास के शुरुआती चरणों की प्रत्यक्ष जानकारी प्रदान करते हैं। तारे एचई 1153-0518 में सूर्य की तुलना में लोहे की मात्रा केवल लगभग एक हजारवां हिस्सा है, जबकि इसमें कार्बन और सोडियम की मात्रा उल्लेखनीय रूप से अधिक तथा न्यूट्रॉन अभिग्रहण नाभिकीय संश्लेषण से बनने वाले भारी तत्वों की मात्रा अत्यंत कम है।

अध्ययन में कार्बन के समस्थानिकों (12सी/13सी) का अनुपात भी कम पाया गया है, जो संकेत देता है कि तारे के भीतर गैस का पर्याप्त आंतरिक मिश्रण हुआ है। दृश्य और अवरक्त तरंगदैर्ध्य क्षेत्रों में इसके वर्णक्रमीय ऊर्जा वितरण से अतिरिक्त अवरक्त उत्सर्जन के प्रमाण मिले हैं, जो तारे के चारों ओर धूल के संभावित अस्तित्व का संकेत देते हैं। ये सभी अवलोकन संबंधी विशेषताएं तारे के आंतरिक विकास और उस रासायनिक वातावरण को समझने में महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान करती हैं, जिसमें इसका निर्माण हुआ था।

भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (आईआईए) की अरुणा गोस्वामी, जो इस अध्ययन की सह-लेखिका भी हैं, ने बताया, “प्राचीन और कम धात्विकता वाले तारे हमारी आकाशगंगा में मौजूद सबसे पुरानी जीवित खगोलीय पिंडों में शामिल हैं। इनका निर्माण उस गैस से हुआ था, जो तारों के शुरुआती विस्फोटों से समृद्ध हुई थी। इनकी रासायनिक संरचना हमें 13 अरब वर्ष से भी अधिक पहले हुई नाभिकीय संश्लेषण प्रक्रियाओं की जांच करने का अवसर देती है। एचई 1153−0518 जैसी खोजें हमें यह समझने के और करीब ले जाती हैं कि तारों की शुरुआती पीढ़ियों ने ब्रह्मांड को उन तत्वों से कैसे समृद्ध किया, जो बाद में तारों, ग्रहों और जीवन के निर्माण के आधार बने।

अवलोकनों में मिले तत्वों की प्रचुरता के स्वरूप की उत्पत्ति को समझने के लिए शोधकर्ताओं ने मापे गए तत्वों की प्रचुरता की तुलना सैद्धांतिक नाभिकीय संश्लेषण मॉडलों के अनुमानों से की। दक्षिण कामरूप कॉलेज के पार्थ प्रतिम गोस्वामी, जो इस अध्ययन के प्रमुख लेखक हैं, ने इस खोज के व्यापक महत्व को बताते हुए कहा कि रासायनिक रूप से आदिम तारों की प्रत्येक नई खोज हमें आकाशगंगा के शुरुआती इतिहास और तारों की पहली पीढ़ी के जीवन को समझने में मदद करती है। ये तारकीय जीवाश्म तारकीय नाभिकीय संश्लेषण और आकाशगंगा के रासायनिक विकास से जुड़े मॉडलों के लिए सबसे मजबूत प्रेक्षणात्मक आधारों में से कुछ उपलब्ध कराते हैं।

यह खोज मंथली नोटिसेज ऑफ द रॉयल एस्ट्रोनॉमिकल सोसाइटी (एमएनआरएएस) पत्रिका में प्रकाशित हुई है। इससे प्रारंभिक ब्रह्मांड के रासायनिक रिकॉर्ड को संरक्षित रखने वाले तारकीय जीवाश्मों की बढ़ती सूची में एक और महत्वपूर्ण खोज जुड़ गई है। यह अध्ययन दर्शाता है कि उच्च-रिजॉल्यूशन तारकीय स्पेक्ट्रोस्कोपी के माध्यम से प्रारंभिक आकाशगंगा ‘मिल्की वे’ के अवशेषों की खोज लगातार संभव हो रही है। भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान लंबे समय से इस क्षेत्र में शोध कर रहा है। यह संस्थान भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत एक स्वायत्त संस्थान है। प्राचीन तारों की तत्वीय संरचना का विश्लेषण करके खगोलविद 13 अरब वर्ष से भी अधिक पहले हुई घटनाओं का अध्ययन कर सकते हैं। ये घटनाएं सूर्य और सौरमंडल के निर्माण से भी बहुत पहले की हैं।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.

You missed