पटना 27अक्टूबर 2024
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय ने कहा है कि कांग्रेस का इतिहास आरक्षण विरोधी रहा है। महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रमुख नाना पटोले ने अमेरिका में दिए राहुल गांधी के आरक्षण विरोधी बयान का समर्थन कर कांग्रेस के असली मंशा को उजागर कर दिया है। कांग्रेस अगर देश और प्रदेश की सत्ता में आई तो अपने एजेंडे के तहत पिछड़ों, अतिपिछड़ों, आदिवासियों के आरक्षण को छीन लेगी। महाराष्ट्र और झारखंड के मतदाताओं को सचेत रहने की जरूरत है।

श्री पाण्डेय ने कहा कि नेहरू से लेकर राजीव गांधी तक की कांग्रेस आरक्षण विरोधी ही रही। नेहरू मानते थे कि आरक्षण देने से सरकारी सेवाओं का स्तर गिर जाएगा। यही कारण था कि केंद की कांग्रेस सरकारों ने काका कालेलकर समिति की रिपोर्ट खारिज की और मंडल आयोग की रिपोर्ट को 10 साल तक दबाये रखा।राहुल गांधी के पिता राजीव गांधी ने मंडल आयोग की रिपोर्ट लागू करने का विरोध संसद में खड़े होकर किया था। राहुल गांधी आज किस मुंह से देश में जातीय सर्वे कराने की बात कर रहे हैं। राहुल गांधी बतायें कि कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने 2015 में जो जातीय सर्वे कराया था,उसकी रिपोर्ट 9 साल से सार्वजनिक क्यों नहीं हो पाई? हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार है,लेकिन वहाँ जातीय सर्वेक्षण कराने का निर्णय क्यों नहीं हुआ? तेलंगाना में कांग्रेस ने सत्ता में आने के बाद जातीय सर्वे पर क्यों चुप्पी साध गई? इसका जवाब राहुल गांधी को देना चाहिए ।

श्री पांडेय ने कहा कि महाराष्ट्र और झारखंड के मतदाता कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों के असली मंसूबे को देख कर अपनी कीमती मतों का प्रयोग करें। कांग्रेस और इंडी गठबंधन के दलों के खाने और दिखाने के दांत अलग-अलग हैं।
