पटना,09 सितम्बर 2026

राज्य के सरकारी विद्यालयों के बच्चों के लिए सीखने की प्रक्रिया को और अधिक रोचक, सहज एवं आनंददायक बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू की गई है। निपुण बिहार मिशन के उद्देश्यों को बच्चों तक सरल और प्रभावी तरीके से पहुंचाने के लिए जिला शिक्षा कार्यालय, सीतामढ़ी की ओर से ‘निपुण चितरंगी’ नामक कॉमिक बुक के प्रकाशन की शुरुआत की गई है।

‘निपुण चितरंगी’ को बिहार के सरकारी विद्यालयों की पहली कॉमिक बुक के रूप में तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य बच्चों को पाठ्यवस्तु के साथ-साथ जीवन में उपयोगी सीख से जोड़ना है। इसके लिए कहानी, चित्र और संवाद का सहारा लिया गया है, ताकि बच्चे पढ़ाई को बोझ के बजाय आनंद के रूप में महसूस करें और सीखने में उनकी रुचि बढ़े।

इस कॉमिक बुक की शुरुआत सेंट्रल स्क्वायर फाउंडेशन की मृदुला कुमारी के मार्गदर्शन में की गई है। कॉमिक के माध्यम से बच्चों की भाषा, समझ और सीखने की क्षमता को मजबूत करने के साथ उन्हें रोजमर्रा के जीवन से जुड़ी उपयोगी बातों से परिचित कराने का प्रयास किया जा रहा है।

‘निपुण चितरंगी’ निपुण बिहार मिशन के लक्ष्यों को बच्चों के अनुकूल तरीके से प्रस्तुत करने की एक रचनात्मक पहल है। सरल भाषा, आकर्षक चित्रों और रोचक संवादों के माध्यम से बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने और उन्हें सीखने के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया है।

इस तरह की रचनात्मक पहल से विद्यालयों में सीखने का माहौल और अधिक आनंददायक बनेगा तथा बच्चों को बुनियादी भाषा एवं गणितीय दक्षताओं के साथ जीवनोपयोगी ज्ञान हासिल करने में भी मदद मिलेगी।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.