पटना, 8 अक्टूबर 2026
बिहार की राजधानी पटना आज ‘ज्ञानेश भगाओ, लोकतंत्र बचाओ’ के नारों से गूंज उठी। बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष राजेश राम के नेतृत्व में शहीद स्मारक से राजभवन तक विशाल मार्च निकाला गया, जिसमें हजारों कांग्रेसजन शामिल हुए।

कांग्रेसजनों ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। इस दौरान पुलिस ने प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर अलग-अलग थानों में रखा।
मार्च को संबोधित करते हुए राजेश राम ने कहा कि ज्ञानेश कुमार को हटाए बिना लोकतंत्र और चुनावी प्रक्रिया पर जनता का भरोसा बहाल नहीं हो सकता। मुख्य चुनाव आयुक्त को इस्तीफा देना ही होगा।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के वोट और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए आर-पार की लड़ाई लड़ रही है। वोट चोरों को गद्दी से हटाकर ही दम लेंगे। जनता के वोट पर डाका डालने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
राजेश राम ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की बुनियाद है और चुनावी प्रक्रिया पर सवाल उठने से लोकतांत्रिक व्यवस्था की विश्वसनीयता प्रभावित होती है। कांग्रेस सड़क से लेकर हर लोकतांत्रिक मंच तक संघर्ष जारी रखेगी।

उन्होंने कहा – हम जनता के अधिकारों की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेंगे। लोकतंत्र को कमजोर करने वालों के खिलाफ कांग्रेस की आवाज दबने वाली नहीं है।
मार्च में ‘ज्ञानेश भगाओ – लोकतंत्र बचाओ’, ‘वोट की चोरी बंद करो’ जैसे नारे लगे।

इस अवसर पर अनुशासन समिति के अध्यक्ष कपिलदेव प्रसाद यादव, डॉ. शकील अहमद खान, प्रेमचन्द्र मिश्रा, डॉ. समीर कुमार सिंह, मीडिया चेयरमैन डॉ. अजय कुमार पासवान, विधायक मनोज विश्वास सहित प्रदेश पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष और हजारों कार्यकर्ता मौजूद थे।
![]()
