पटना/दानापुर 25 अगस्त 2026

दानापुर स्थित ‘स्कूल ऑफ क्रिएटिव लर्निंग’ में पारंपरिक लोक संस्कृति और सांस्कृतिक धरोहर को समर्पित ‘लोकोत्सव’ का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक स्वागत आरती के साथ हुई। इसके उपरांत एक अनूठे और प्रतीकात्मक अंदाज में दीप प्रज्वलन संपन्न हुआ, जिसमें देश की चार अलग-अलग दिशाओं से चार राज्यों के प्रतिनिधि और केंद्र में बिहार का प्रतिनिधित्व करते हुए कुल पांच स्वरूपों ने एक साथ मिलकर दीप प्रज्ज्वलित किया। इस प्रस्तुति ने विविधता में एकता के भारतीय दर्शन को जीवंत कर दिया।

दीप प्रज्वलन के बाद लोकोत्सव और भारतीय परंपराओं के महत्व पर विशेष वक्तव्य प्रस्तुत किया गया। इसके बाद आयोजित कठपुतली नाटक (पपेट शो) ने सभी दर्शकों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ओ पी सी एल के अध्यक्ष विजय प्रकाश ने लोकोत्सव के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, हमारी लोक परंपराएं और सांस्कृतिक विविधता ही हमारी असली पहचान हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में अपनी जड़ों और सांस्कृतिक धरोहर के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।”

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की कड़ी में छात्रों द्वारा प्रस्तुत चरित्र-अभिनय हम तुम्हारे लिए, तुम हमारे लिए और मार्मिक नाटक बेटी का सपना ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

समारोह के समापन चरण में प्राचार्या डॉ. मृदुला प्रकाश ने सभी शिक्षकों और विद्यार्थियों का आभार व्यक्त करते हुए उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि लोकोत्सव का मुख्य उद्देश्य यही है कि हम सभी मिल-जुलकर एक साथ काम करें और साथ मिलकर आगे बढ़ें। कार्यक्रम के अंत में छात्रों द्वारा बनाए गए विभिन्न मॉडल्स की प्रदर्शनी लगाई गई, जिसे सभी आगंतुकों और अभिभावकों ने खूब सराहा।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published.