पटना,10 अक्टूबर 2026
शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने बच्चों से अनुरोध किया है कि आप कड़ी मेहनत करें। अपने सपनों को पूरा करने के लिए पूरी लगन से आगे बढ़ें। राज्य सरकार आपके साथ खड़ी है। आपको हर जरूरी सुविधा मुहैया कराएगी और आगे बढ़ने के अवसर देगी।

शिक्षा मंत्री शनिवार को बापू सभागार में राज्यस्तरीय सेवा चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता के पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशवासियों के सपनों को पूरा करने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। जो सपने बच गए हैं, उन्हें बिहार में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पूरा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का शिक्षा पर सबसे अधिक ध्यान है। वे चाहते हैं कि बिहार शिक्षा के क्षेत्र में देश की अग्रणी पंक्ति में खड़ा दिखे।

श्री तिवारी ने कहा कि बिहार एक आकांक्षी राज्य है। हम हर क्षेत्र में बेहतर करना चाहते हैं। केंद्र सरकार का सहयोग और आशीर्वाद मिलता रहे, तो बिहार विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने भरोसा जताया कि केंद्र सरकार ने जो विश्वास जताया है, राज्य सरकार उस पर हमेशा खरा उतरेगी।
शिक्षा के सूर्योदय का प्रतीक है मॉडल स्कूल का रंग
शिक्षा मंत्री ने सरस्वती विद्या निकेतन के रूप में विकसित किए गए मॉडल स्कूलों का उल्लेख करते हुए कहा कि इन विद्यालयों का केसरिया रंग शिक्षा के सूर्योदय का प्रतीक है। आदर्श विद्यालयों के माध्यम से बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रहा है।

श्री तिवारी ने बिहार की शिक्षा व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए किए गए प्रयासों को आगे बढ़ाना जरूरी है, ताकि बिहार के बच्चों को बेहतर भविष्य मिल सके।
सेवा चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता में बिहार का शानदार प्रदर्शन
श्री तिवारी ने सेवा संकल्प के तहत आयोजित राज्यव्यापी सेवा चित्र एवं भाषण प्रतियोगिता में बिहार की शानदार सहभागिता पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में भागीदारी के मामले में बिहार पूरे देश में अव्वल रहा है। यह राज्य के बच्चों की प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मकता को दर्शाता है।

उन्होंने बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपनी प्रतिभा को पहचानें, मेहनत करें और जीवन में बड़े लक्ष्य तय करें। सरकार उनकी प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर देने के लिए प्रतिबद्ध है।
शिक्षा मंत्री ने विश्वास जताया कि बच्चों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और राज्य सरकार के प्रयासों से बिहार शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बनाएगा।
सम्मानित किए गए टॉप तीन रहे प्रतिभागी
समारोह के दौरान राज्यस्तरीय सेवा चित्र और भाषण प्रतियोगिता में पहले, दूसरे और तीसरे स्थान पर चयनित प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

लघु वृत चित्र का भी प्रदर्शन
समारोह में राज्यव्यापी प्रतियोगिता से जुड़े लघु वृत चित्र को भी दिखाया गया। राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान से कार्यक्रम शुरू हुआ। शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन और बिहार शिक्षा परियोजना के राज्य परियोजना निदेशक नवदीप शुक्ला ने हरित पौध, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर आगत अतिथियों का स्वागत किया। दीप प्रज्वलन से कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत हुई। समारोप राज्यगीत से हुआ।
![]()
