पटना, 23 अगस्त 2026
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी आज लोक सेवक स्थित ‘संकल्प’ सभागार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भागलपुर जिला के सुल्तानगंज के धानिक बेलारी पंचायत में श्रावणी मेला के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुये। इस अवसर पर सुल्तानगंज में भव्य ड्रोन शो का आयोजन किया गया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रावणी मेला के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में आप सभी का स्वागत करता हूं। श्रावणी मेला केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, एकता और संकल्प का अद्भूत प्रतीक है। भागलपुर, बांका और मुंगेर जिले में लगभग 100 किलोमीटर की यात्रा में एक-एक व्यक्ति किसी न किसी रूप में श्रावणी मेला से जुड़ता है। सुल्तानगंज से गंगा जल लेकर शिवभक्त कांवरिया बोल बम के नारे के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम में भगवान शिव को जल अर्पित करते हैं। यह विश्व के सबसे बड़े समाजवाद का उदाहरण है, जिसमें एक बोली, एक कपड़ा और एक लक्ष्य होता है। श्रद्धालु पूरी भक्ति भावना के साथ भगवान शिव की आराधना में लीन होते हुये पैदल यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचते हैं। इस कठिन यात्रा के दौरान इस क्षेत्र के लोग पूरी श्रद्धा के साथ श्रद्धालुओं की सेवा करते हैं। मैं इस क्षेत्र के लोगों को भी धन्यवाद देता हूं कि इस पवित्रमय यात्रा में अपना योगदान देते हैं। इस क्षेत्र के लोगों को भी श्रावणी मेला का लाभमिलता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जिस जगह पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ है, भागलपुर, मुंगेर और बांका का संगम स्थल है। मेरा घर भी धानिक बेलारी पंचायत के लखनपुर गांव में पड़ता है। मैं भागलपुर प्रशासन को श्रावणी मेला के बेहतर आयोजन के लिये बधाई देता हूं। हम सब यही चाहते हैं कि श्रावणी मेले का बेहतर ढंग से आयोजन होता रहे। श्रद्धालु सुरक्षित होकर सुगमतापूर्वक अपनी यात्रा करें। श्रावणी मेला के दौरान मैंने प्रशासन को स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, शौचालय सहित अन्य सुविधाओं की बेहतर व्यवस्था का निर्देश दिया है। श्रद्धालुओं से मुझे जो जानकारी मिली, उसमें बेहतर सुविधाओं की व्यवस्था की गयी है। साथ ही पैदल पथ पर अच्छे बालू का इंतजाम किया गया है। जीविका दीदियों ने भी श्रद्धालुओं के लिये सस्ती दर पर भोजन का इंतजाम किया है, हम उन्हें भी बधाई देते हैं। श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा भी करायी गयी है, इसके लिये पर्यटन विभाग को भी बधाई देते हैं। उन्होंने कहा कि सुल्तानगंज ब्रिज नवंबर 2027 में चालू होगा, जबकि बाढ़ के कारण भागलपुर के बिक्रमशीला पुल की मरम्मती का कार्य 15 दिनों बाद पुनः शुरू किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी कामना है कि भगवान शिव की कृपा हम सब पर बनी रहे, बिहार समृद्ध हो और हमारा देश विकसित हो। ड्रोन के माध्यम से लेजर शो का भी आयोजन किया जा रहा है। सभी श्रद्धालु और इस क्षेत्र के लोग इसका आनंद उठायें। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं सुल्तानगंज आकर श्रद्धालुओं के बीच उपस्थित होना चाहता था लेकिन पटना में अत्यधिक कार्यक्रम होने के कारण वहां नहीं आ सके। श्रद्धालुओं की भावना और उनकी आस्था के साथ मैं पूरी तरह जुड़ा हुआ हूं। आज के इस अवसर पर आप सभी को बधाई एवं शुभकामनायें देता हूं।

बैठक में मुख्यमंत्री का प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह, पर्यटन विभाग के निदेशक उदयन मिश्रा, बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक नंदकिशोर उपस्थित थे, जबकि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से पथ निर्माण मंत्री कुमार शैलेन्द्र, सांसद अजय मंडल, विधायक ललित नारायण मंडल, अन्य जनप्रतिनिधिगण, भागलपुर के जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय, भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित अन्य वरीय पदाधिकारी जुड़े हुये थे।
![]()
