पटना 24 अगस्त 2026
मेरा युवा भारत, पटना द्वारा ‘मेरा युवा भारत खेलो इंडिया संवाद’ के संबंध में आज, 24 अगस्त 2026 (सोमवार) को पटना स्थित पीआईबी कार्यालय के कांफ्रेंस हॉल में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता को मेरा युवा भारत, पटना (बिहार) के राज्य निदेशक कपिल देव राम ने संबोधित किया। कार्यक्रम में विनय कुमार, क्षेत्रीय निदेशक, एनएसएस तथा सीमा कुमारी, वरिष्ठ लेखा अधिकारी, सीबीसी पटना भी उपस्थित रहीं। उन्होंने आगामी 27 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाले ‘मेरा युवा भारत खेलो इंडिया संवाद’ कार्यक्रम की रूपरेखा, उद्देश्यों और युवाओं की सहभागिता से जुड़ी प्रमुख जानकारियां साझा कीं।

राज्य निदेशक ने बताया कि 29 अगस्त को मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष इससे जुड़े कार्यक्रमों की शुरुआत 27 अगस्त से की जा रही है। इसी क्रम में देशभर में ‘खेलो इंडिया संवाद’ आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य युवाओं और खिलाड़ियों को एक मंच पर लाकर खेलों एवं युवा सहभागिता से जुड़े विषयों पर संवाद करना है।

उन्होंने बताया कि देश के प्रत्येक जिले के दो कॉलेजों में ‘युवा कनेक्ट (Yuva Connect)’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें युवा खिलाड़ियों, सांसदों, मंत्रियों, विधायकों/पार्षदों तथा स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ संवाद कर सकेंगे।
27 अगस्त को माननीय प्रधानमंत्री जी वर्चुअल माध्यम से 1,600 से अधिक स्थानों पर 8 लाख से अधिक युवाओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद स्थानीय स्तर पर युवा संवाद आयोजित किया जाएगा। इसमें खेलों के बुनियादी ढांचे, स्पोर्ट्स इकोसिस्टम, 2036 ओलंपिक्स के लिए प्रतिभा विकास, युवा नेतृत्व और विकसित भारत के लिए युवा सशक्तिकरण जैसे विषयों पर चर्चा होगी। युवाओं से QR Code के माध्यम से सुझाव लिए जाएंगे और उन्हें VBYLD Quiz Round में भाग लेने के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा।

बिहार में कैटेगरी-A के तहत 16 और कैटेगरी-B के तहत 22 कार्यक्रम स्थलों का चयन किया गया है। कैटेगरी-A के स्थलों पर Two-way Connectivity के माध्यम से युवा प्रधानमंत्री जी के साथ संवाद कर सकेंगे, जबकि कैटेगरी-B के स्थलों पर प्रधानमंत्री जी का संबोधन एवं संवाद देखा और सुना जा सकेगा।
![]()
